SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाने में पदस्थापित दारोगा रविरंजन प्रताप सिंह की हत्या सारण जिले के अवतारनगर थाना क्षेत्र के नरांव गांव में कर दी गई है।
उनका शव नरांव गांव से लगभग दो किमी दूर मीरपुर जुअरा स्टेशन से उत्तर गेंहू की खेत से सटे झाडियोंं के बीच बुधवार की शाम बरामद किया गया है। बता दें कि दारोगा रविरंजन प्रताप सिंह बीते मंगलवार की सुबह ही छह दिन के अवकाश पर समस्तीपुर से अपने गांव गए थे।
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। घटनास्थल से चार जोड़ी चप्प्ल एवं लोहे का रॉड व खंती बरामद की गई है। उनके शरीर पर कई जगह जख्म के निशान देखे गए। जबकि उनका सिर फटा हुआ था। आशंका है कि उनकी हत्या पीट-पीट कर की गई है। पुलिस जांच में जुटी है।
मिली सूचना के मुताबिक मंगलवार की शाम वे स्वजनों को सारण के धनौरा बाजार से सब्जी खरीद कर लाने की बात कह घर से निकले थे। लेकिन जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे तो स्वजनों ने फोन पर उनसे संपर्क करने की कोशिश की।बुधवार की सुबह उनके पुत्र अमन प्रताप ने अवतारनगर थाना में उनके अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।