SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं जहां सरायरंजन थाना क्षेत्र की रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत बलभद्रपुर महिषी में छात्रा ने गले में फंदा डालकर खुदकुशी कर ली।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है। मृतका की पहचान गांव के योगेंद्र राय की पुत्री रिकू कुमारी (22) के रूप में की गई है।
बताया जा रहा हैं कि उक्त युवती का चयन बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर हो चुका था। घटना के संबंध में बताया गया है कि सोमवार की अलसुबह अन्य दिनों की भांति उक्त युवती सोकर नहीं उठी तो उसके स्वजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई।
युवती की मां एवं उसकी भाभी ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो वह एस्बेस्टस वाली छत से लगी छड़ में फंदा डालकर लटक रही थी। आसपास के लोगों ने बेसुध पड़ी उक्त युवती को तत्काल एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर लाया गया। इस बाबत सरायरंजन थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके स्वजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के संबंध में मृतका के स्वजनों के द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। इसलिए घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल गहन छानबीन में जुटी हुई है।