2021/03/01

समस्तीपुर में युवक की मौत...शादी कार्यक्रम में बहन को लाने उसके ससुराल जा रहा था युवक

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं।

बिथान थाना के मुरली व सिहमा गांव के बीच गढ़पुरा-सखवा मुख्य पथ के 81 नंबर निर्माणाधीन पुल के पास बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। 

वह अपने भाई के वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बहन को लाने उसके ससुराल जा रहा था। घटना रविवार देर रात हुई। मृत युवक की पहचान सखवा गांव निवासी स्व. राम अवतार यादव के 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है।

सोनू दिल्ली में मजदूरी करता था। एक मार्च को मृतक युवक के चचेरे भाई की शादी होने वाली थी। उसी में भाग लेने के लिए वह गांव आया हुआ था।

इसी वैवाहिक कार्यक्रम में अपनी बहन को लाने सिहमा गांव जा रहा था। अभी वह 81 नंबर सड़क पर् मुरली-सिहमा के बीच बन रहे पुल से गुजर रहा था कि पुल से निकले छड़ से बाइक टकरा गई।


युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने स्वजनों को इसकी सूचना दी। 

सूचना पर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।