DESK : जहानाबाद के कल्पा OP क्षेत्र से एक महिला की सिरकटी लाश बरामद हुई है। शव मिलने से मचला इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला की गर्दन से ऊपर का हिस्सा गायब है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
बुधवार को बरामद लाश को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। सिरकटी लाश के फेंके रहने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में कर लिया।
वहां से दो गमछे, कुछ संतरे के अलावा बैग में रखे पैन कार्ड पुलिस को मिले हैं, जिसके आधार पर गहराई से जांच की जा रही है। एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। शीघ्र ही इसका खुलासा होगा।
इधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस महिला की सिर कटी लाश मचला पधार से मिली है वह जहानाबाद जिले की निवासी नहीं है। फिलहाल यह अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला दिल्ली के इलाके की रहने वाली थी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
खबर के अनुसार बुधवार की सुबह कल्पा ओपी से पूरब-दक्षिण कोने पर बधार में एक महिला की सिर कटी लाश फेंकें जाने का हल्ला हुआ। हल्ला सुनकर आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। सूचना पाकर कल्पा ओपी की पुलिस के अलावा एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय भी वहां पहुंचे।
जुटी भीड़ में किसी भी व्यक्ति ने शव की पहचान नहीं की। महिला की उम्र करीब 30 वर्ष रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। शव के पास गिरे कुछ संतरे और दो गमछे पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। पास से एक पर्स भी था जिसमें पैन कार्ड मिला है। पुलिस के अनुसार, पैन कार्ड पर अनीता नाम लिखा है। इसमें महिला के पिता का नाम विद्या सिंह लिखा है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया उक्त महिला की किसी दूसरे स्थान पर हत्या की गई और उसकी सिर कटी लाश अपराधियों ने मचला बधार में लाकर फेंक दी। बहरहाल मामले की गहराई से तहकीकात की जा रही है। शव को कल्पा पुलिस ने उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेजा है।
अपराधियों की पहचान के लिए डॉग स्क्वॉयड और FSL की टीम को बुलाया गया है। आसपास के इलाके में डॉग स्क्वायड के माध्यम से पड़ताल की जा रही है। महिला की पहचान के लिए कुछ इनपुट मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है। पूरी जांच होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।