GAYA : बिहार के गया से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं।बोधगया थाना क्षेत्र के परेवा गांव निवासी ओमप्रकाश कुमार समेत तीन पीड़ितों ने ठगी का मामला दर्ज कराया है।
सिविल लाइंस थाने में दिए संयुक्त आवेदन में कहा गया है कि बीते 6 मार्च को औरंगाबाद जिले के ग्राम जाखिम निवासी श्यामनंदन कुमार ने बाइपास बजरंग गली के पास बुलाया। उसने बिहार पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
इसके लिए तीन लाख रुपये नगद, मैट्रिक व इंटरमीडिएट का मूल प्रमाण पत्र ले लिया। उसने परेवा गांव निवासी राम सहाय प्रसाद की पत्नी खशबू कुमारी से भी ऐसा ही कहकर उससे 50 हजार रुपये व शैक्षणिक प्रमाण पत्र ले लिए।
इसी गांव निवासी रमेश कुमार से एक लाख रुपये नगद व प्रमाण पत्र ले लिए। इसके बाद वह टालमटोल करने लगा। तब शंका हुई।
ओमप्रकाश कुमार ने आवेदन में कहा है कि बुधवार को श्यामनदंन कुमार गया में मुन्नी मस्जिद के पास मिला। उससे कहा कि नौकरी नहीं दिला सकते तो पैसे और प्रमाणपत्र वापस कर दो।
इसपर वह अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट करने लगा। इसी क्रम में निरंजन कुमार का मोबाइल छीन कर फरार हो गया। तब थाने में शिकायत की गई।
पूछे जाने पर सिविल लाइंस थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी जफर इमाम ने बताया कि नौकरी के नाम पर ठगी करने का एक आवेदन मिला है।
केस दर्ज करते हुए मामले की जांच कर रहे हैं। इधर इस तरह की ठगी की बात सामने आने पर पुलिस के समक्ष मामले की तह तक पहुंचने की चुनौती होगी।