SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं। उजियारपुर थाना क्षेत्र की बैकुंठपुर ब्रहंडा पंचायत के जट्टाडीह चौक के समीप एसएच 88 पर बुधवार को एक ट्रक ने बाइक सवार महिला को रौंद डाला। जबकि महिला के पति जख्मी हो गए।
डैनी चौक से वरुणा पुल जाने वाली एनएच 88 पथ पर जटाडीह टारा के समीप एक ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई है।
महिला अपने पति के साथ बाइक से बेगूसराय के झमटिया से गंगा स्नान कर अपने घर लौट रही थी। मृतका की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के अहियापुर निवासी हेमंत चौरसिया की पत्नी आशा देवी (30 वर्ष) के रुप में की गई है।
सूचना मिलते ही उजियारपुर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिया है। लोगों ने कहा कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। महिला की मौत की सूचना मिलते उसके गांव से दर्जनों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया।
मृतका का शव जब उसके गांव पहुंचा तो वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका के स्वजन दहार मारकर रोए जा रहे थे। वहीं शव के अंतिम दर्शन को आए हर ग्रामीणों की आंखें नम थी।
इधर,भीड़ से चीरती हुई आवाज आ रही थी कि भगवान की शरण में लोग जिदगी की भीख मांगने जाते हैं पर इस महिला को मिली मौत। मृतका के घर शोक संवेदना जताने एवं ढांढस बंधाने वालों का तांता लग गया।