2021/03/22

समस्तीपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव,पिस्तौल भिड़ाकर लाखों रुपये लूटा, पुलिस छानबीन में जुटी

SAMASTIPUR : बिहार के समस्तीपुर जिले के मथुरापुर ओपी क्षेत्र में बाजार समिति के समीप मुक्तापुर स्थित तेल डिपो के समीप रविवार को बदमाशों ने एक राइस मिल के मालिक से लूट लिया।

मथुरापुर ओपी थाना क्षेत्र के मुक्तापुर के निकट समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग में रविवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने चावल मिल के मालिक से पिस्टल के बल पर लूटपाट की। व्यवसायी से साढे चार लाख नकद, लैपटॉप का बैग व मोबाइल भी लूट लिया। इसके बाद सभी बदमाश मुक्तापुर ओर की भाग निकले। 

बाद में स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। परतापुर स्थित रूचि राइस मिल के मालिक मुकेश केडिया अपने भाई विमल केडिया के साथ अपने गल्ला दुकान पर बाइक से पहुंचकर दुकान के शटर का ताला खोल रहे कि छोटे भाई के चिल्लाने की आवाज आई। 

देखा कि दो अपराधी दोनों हाथ मे रिवाल्वर लिए धमकी दे रहा था तथा दो स्टार्ट बाइक पर बैठा था। भयभीत पीड़ित ने अपना लैपटॉप का बैग, 4.5 लाख रुपए व मोबाइल उन्हें दे दिया। पश्चात दोनों बाइक पर अपराधी सवार होकर मुक्तापुर गुमटी के समीप से होते हुए शेखोपुर की ओर भाग चले। 

पीड़ित व्यवसायी विमल केडिया ने बताया कि बदमाशो ने साढे चार लाख नकद, लैपटॉप व मोबाइल लूट लिए। घटना को अंजाम देकर सभी मुक्तापुर की ओर भाग निकले।

सूचना पर पहुंचे सदर डीएसपी प्रितिश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच मे जुटी। अपराघियों के भागने की दिशा मे छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। हाल के दिनों में जिले में आपराधिक घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है। 

रोसड़ा में कालेज का ताला तोड़ महत्वपूर्ण कागजात गायब करने का आरोप : रोसड़ा के संत कबीर रामजीवन मुसाय नायक महिला महाविद्यालय में प्राचार्य पद को ले वर्षों से जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। 

वर्तमान प्राचार्य प्रो. शिवकुमार महतो द्वारा पुन: रोसड़ा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें प्रो रामकरण महतो एवं उनके पुत्र चंदन कुमार तथा कबीर आश्रम के कतिपय लोगों पर कॉलेज परिसर में घुसकर कार्यालय का ताला तोड़ महत्वपूर्ण कागजात ले जाने का आरोप लगाया है। 

साथ ही कार्यालय समेत सभी कक्षों में अपना ताला बंद करने को लेकर भी आरोपित किया है। प्राचार्य द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में घटना का समय 17 मार्च 2021 बताते हुए कहा है कि वे स्वयं समस्तीपुर स्थित बीएचएस घोषलेन में इंटर के कॉपी का मूल्यांकन कार्य में प्रतिनियुक्त थे।

 इसी बीच अभियुक्तों द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया गया। सूचना पर कार्यालय तथा अन्य कमरों में पूर्व ताला गायब करने तथा दूसरा ताला लगा रहना पाया। उन्होंने पूर्व से महाविद्यालय के प्रबंध समिति अध्यक्ष के साथ-साथ प्राचार्य का पद विवादित रहना बताते हुए विद्यालय परीक्षा समिति पटना के निदेशक के यहां विवाद लंबित रहने की जानकारी दी है। 

प्राचार्य ने पूर्व में भी उपरोक्त नामित व्यक्ति द्वारा इस प्रकार की घटना को अंजाम देने का दावा किया है। प्रो. महतो ने शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह थानाध्यक्ष से किया है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सीताराम प्रसाद ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।