PATNA :इस वक्त एक बड़ी खबर पटना से सामने आ रही है. पटना पुलिस ने उस ASI को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने वर्दी का धौंस दिखाते हुए आईएमए के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और बिहार आईएमए के पूर्व अध्यक्ष कैप्टेन डॉ विजय शंकर सिंह को गोली मार देने की धमकी दी थी. डॉक्टर की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्रकार नगर थाने की पुलिस ने आरोपी असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर कर लिया है.
डॉक्टर का कहना है कि वे शाम के वक्त दिल्ली जाने के लिये निकल रहे थे। इसी बीच एएसआई अपने बेटे और अन्य चार-पांच लोगों के साथ उनकी क्लीनिक पर पहुंच गया। डॉक्टर ने कहा कि वे एक जरूरी काम से दिल्ली जा रहे हैं।
उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म पर लगी है। आरोप है कि इतना सुनने के बाद एएसआई भड़क गया और डॉक्टर से मारपीट की। उनके कर्मियों के साथ भी उलझ गया। मामला बढ़ता देख डॉक्टर ने पुलिस को खबर दी।
डॉक्टर ने कहा कि कुमार नयन (एएसआई का बेटा) की गलती के कारण ही उसका पैर मुड़ गया है। प्लास्टर के दौरान वह उसी पैर से चलने लगा होगा। इस कारण ऐसा हुआ। डॉक्टर के मुताबिक मेडिकल बोर्ड द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जानी चाहिये।
एएसआई के बेटे कुमार नयन ने बताया कि बीते चार जनवरी को वह अपने पैर का प्लास्टर करवाने डॉक्टर कैप्टन विजय शंकर सिंह के पास पहुंचा था। चार मार्च को उसका प्लास्टर हटा। मरीज के मुताबिक प्लास्टर ठीक से नहीं करने के कारण उसका पैर मुड़ गया था।
इस बात की शिकायत और इलाज करवाने के लिये वह दोबारा डॉक्टर के यहां पहुंचा। आरोप है कि डॉक्टर के कर्मियों ने उसके पिता के साथ मारपीट की। उल्टे उसके पिता पर ही कानूनी कार्रवाई कर दी गयी। आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में उसकी कोई गलती नहीं फिर भी पुलिस ने उसके पिता पर कार्रवाई की।