2021/03/12

समस्तीपुर में गर्भवती महिला की मौत....डॉक्टर पर लगा मर्डर का आरोप...पुलिस मामले की जांच में जुटी

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं। जहां हसनपुर बाजार के पेट्रोल पंप के निकट मनोज महतो के घर मे संचालित संजीवनी सर्जरी सेंटर एवं हड्डी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। 

इससे आक्रोशित स्वजनों ने पेट्रोल पंप के निकट घंटों सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। आक्रोशित लोग चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार गुप्ता के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। 

मृत महिला की पहचान बिथान थाना क्षेत्र के बखरी गांव निवासी अर्जुन मुखिया की 29 वर्षीय पत्नी पूनम देवी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया गया है कि बुधवार को पूनम प्रसव पीड़ा से परेशान हो रही थी। 

इसपर स्वजनों ने इलाज के लिए संजीवनी सर्जरी सेंटर एवं हड्डी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि वहां चिकित्सक अरुण कुमार गुप्ता ने इलाज से पूर्व 30 हजार रुपये जमा कराने के बाद इलाज आरंभ किया। सही तरीके से इलाज नहीं होने पर महिला की स्थिति बिगड़ती चली गई। 

उक्त महिला की बिगड़ती देख चिकित्सक ने आनन-फानन में बिना राशि लौटाए ही बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय शहर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। बेगूसराय ले जाने के क्रम में उक्त महिला की मौत हो गई। स्वजनों ने घटना को लेकर थाने में आवेदन भी दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।