2021/03/14

जिसपर लगाया यौन शोषण का आरोप, उसी के संग लिए 7 फेरे, थाने में धूमधाम से हुई शादी

AURANGABAD : जिसपर यौन शोषण का आरोप लगाया, उसी के साथ सात फेरे लिए। ऐसा कम ही होता है। लेकिन शनिवार को औरंगाबाद के महिला थाने में ऐसा ही हुआ। यहां आरोप लगाने वाली युवती की शादी आरोपित के साथ पुलिसवालों की मौजूदगी में हुई। 

थाना परिसर स्थित मंदिर में रीति-रिवाज से उनकी शादी कराई गई। पंडित ने मंत्र पढ़े और युवक-युवती ने एक-दूसरे के संग फेरे लिए। लोगों का कहना था कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा सराहनीय है।

शादी कराने में अहम भूमिका निभाने वाली थानाध्यक्ष उपासना कुमारी ने बताया कि करीब एक महीने पहले फेसर थाना क्षेत्र के घेटरा निवासी एक युवती ने थाने में यौन शोषण की शिकायत की थी। 

उसमें अपने प्रेमी ओबरा थाने के अदमा निवासी बलदेव राम के पुत्र कमलेश कुमार को आरोपित किया। आरोप लगाया कि कमलेश ने प्रेम संबंध में फांस कर उसे शादी का झांसा दिया। इसक्रम में उसका यौन शोषण करता रहा। जब शादी करने का दवाब उसने दिया तो वह मुकर गया।

थानाध्‍यक्ष ने बताया कि मामले जांच की शुरू की गई तो पता चला कि आरोपित युवक व युवती आपस में रिश्‍तेदार हैं। कमलेश के भाई मिथिलेश का शादी आरोप लगाने वाली युवती की बहन से हुई है। कमलेश अपने भाई के ससुराल अक्‍सर आता-जाता रहता था। 

इसी क्रम में युवती से उसका प्रेम हो गया। लेकिन जब शादी की बात आई तो कमलेश ने इन्‍कार कर दिया। युवती के आवेदन के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। उन्‍हें समझाया गया। कानूनी पेच में फंसने की जानकारी दी गई। इसके बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। 

तब दाेनों की शादी थाना परिसर स्थित मंदिर में करा दी गई। उन्‍हें शादी के कागजात भी दिए गए। इधर वहां मौजूद लोगों का कहना था कि महिला थानाध्‍यक्ष की सूझबूझ से एक परिवार बस गया। वरना दो परिवारों का चैन छिन जाता। लेकिन पुलिस ने पहल कर विवाद को सलटा दिया।