DESK : बिहार के सारण और भोजपुर जिले में बालू लदे ट्रकों से वसूली का पुलिस का खेल खत्म नहीं हो रहा है। saran के इसी इलाके में अब वर्दी वाले घूसखोरों का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो डोरीगंज थाना क्षेत्र में गड़खा-चिरांद मुख्य मार्ग पर गोल्डिनगंज ढाला के पास का है। वीडियो खुद ट्रक चालक और खलासी ने शूट किया है। इसमें बालू लोड करने जा रहे खाली ट्रक और ट्रैक्टर चालकों से पुलिसवाले पैसे वसूलते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में मास्क लगाए वह पुलिसकर्मी पैसा वसूलते स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर उस पुलिसकर्मी की पहचान डोरीगंज थाना के पुलिस पीटीसी 724 विशाल कुमार के रूप में की गई।
उसके द्वारा बालू लोड करने जा रहे खाली ट्रक और ट्रैक्टर चालकों से अवैध रूप से वसूली की जा रही थी।जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इस वायरल वीडियो के आधार पर एसपी ने उक्त पुलिसकर्मी की पहचान कर उसे तत्काल गिरफ्तार करने का आदेश दिया। जिसके बाद गिरफ्तार पुलिस कर्मी को जेल भेज दिया गया।
इस मामले में संज्ञान लेते हुए एसपी ने बताया कि किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई भी पुलिसकर्मी किसी व्यक्ति से घूस की मांग करता है, तो वह व्यक्ति इसकी शिकायत सीधे उनसे कर सकते हैं।
इसके लिए वह व्यक्ति उस पुलिसकर्मी का ऑडियो वीडियो बनाकर साक्ष्य के रूप में सुपुर्द करें तो निश्चित तौर पर उस पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उनका प्रयास बेहतर पुलिसिंग के साथ पुलिस के प्रति आम लोगों का विश्वास बढ़ाना है। इस कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।