SAMASTIPUR : नगर थाना की पुलिस टीम ने उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी मामले में शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित एक ननबैंकिग के संचालक संजय कुमार सिंह और दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया है। इसमें एक आरोपित नगर थाना कांड संख्या 08-21 का वांछित है। 7 जनवरी को पंजाबी कॉलोनी निवासी उपभोक्ता विनोद तनेजा ने नगर थाना में एक आवेदन देकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसमें पंजाबी कॉलानी निवासी बैंक के संचालक संजय कुमार सिंह और उनकी पत्नी को नामजद किया था। बताया कि दोनों पति पत्नी के द्वारा पंजाबी कॉलोनी वार्ड 01 स्थित एक आवासीय परिसर में एनिमस कृषक डेवलपमेंट लिमिटेड बैंक का संचालन किया जा रहा था।
इसमें दर्जनों उपभोक्ताओं ने अपना खाता खोला। बैंक संचालक ने उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह खाते में रुपये जमा करने पर एक अंतराल के बाद निश्चित रकम मिलने का आश्वासन दिया था। वर्ष 2020 में 11 जुलाई को राशि जमा करने की परिपक्वता पूरी हो गई। लेकिन, भुगतान का जब समय आया तो बैंक प्रबंधक रुपये देने में आनाकानी करने लगा।
ऐसी ही कई समस्या दूसरे उपभोक्ताओं की भी थी। दो माह पूर्व बैंक प्रबंधक व कर्मी अचानक कार्यालय में ताला लगाकर भाग निकले। थानाध्यक्ष अरुण राय ने कहा कि उपभोक्ताओं के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें अग्रेतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संचालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेजा जाएगा।