2021/02/02

महिला विधायक से भरी सभा में छेड़खानी.....मंच से उतर MLA ने जड़ा थप्‍पड़

PATNA : बिहार में एक युवक की गंदी हरकत के कारण युवा महिला विधायक ने भरी सभा में अपना आपा खो दिया और मंच से उतरकर उसे थप्‍पड़ जड़ दिया। यह मामला पटना से सटे एक जिले का है। 

राजापाकर के भलुई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक प्रतिमा कुमारी के साथ सरेआम छेड़खानी की गई। काफी देर से अश्लील इशारे कर रहा लंपट युवक मंच पर चढ़ आया। उसने महिला विधायक काे छेड़ने की कोशिश की। नाराज विधायक ने उसे सरेआम करारा थप्पड़ जड़ दिया।

भलुई में फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था। मैच के उद्घाटन समारोह में विधायक आमंत्रित थीं। विधायक ने बताया कि कार्यक्रम के मंच पर मेरे अलावा महुआ के विधायक मुकेश रोशन सहित इलाके के कई लोग मौजूद थे। मैंने नोट किया कि लगातार एक युवक मुझे अश्लील इशारे कर रहा है।

बार-बार वह सामने से वही हरकत दुहरा रहा था। लेकिन, मैंने नजरें हटा लीं। लेकिन, उसने हद पार करते हुए मंच पर आकर छेड़खानी की कोशिश की। दुत्कारने पर मंच से नीचे आकर खड़ा हो गया। इसके बाद मेरे लिए सहन करना मुश्किल हो गया। मंच के नीचे पहुंचकर लंपट को करारा तमाचा जड़ दिया। मामला 30 जनवरी का है। विधायक ने कहा कि वह एसपी से मिलकर मामले की शिकायत करेंगी।

प्रतिमा कुमारी ने इसे महिलाओं के सम्मान और अस्मिता से जुड़ा मामला बताया। बाेलीं-बेशक युवक उनके क्षेत्र का है। लेकिन उसकी हरकत समाज में महिलाओं के प्रति लोगों की सोच को दर्शाता है। महिलाओं की अस्मिता को लेकर संदेश देने के लिए युवक को सरेआम थप्पड़ मारा।

सिस्टम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शराबबंदी बस नाम की है। प्रतिमा कुमारी ने कहा कि घटना के बाद कुछ लोगों ने फोन कर कहा कि आपको विधायक इसलिए नहीं बनाया कि लोग आपसे थप्पड़ खाएं।

 विधायक ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना से कहीं ज्यादा दुख फोन करने वाले कि सोंच, मानसिकता से हुआ। आरोपी को मंदबुद्धि बताकर प्रकरण पर पर्दा डालने की कोशिश की गई। बाद में स्थानीय लोगों ने फोन कर जानकारी दी कि आरोपी चार बच्चों का बाप है। मन्दबुद्धि आदमी चार बच्चों का पिता नहीं होता।