PATNA : एक बार फिर से शराब मामले में बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना के बाईपास थाना के थानेदार व इंस्पेक्टर मुकेश पासवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इनके साथ ही स्थानीय चौकीदार लल्लू पासवान को भी सस्पेंड किया गया है।
मुख्यालय ने इस मामले में पटना सिटी के DSP अमित शरण से स्पष्टीकरण मांगा है। उनसे पूछा है कि थाना से चंद कदम की दूरी पर विदेशी शराब की खेप स्टॉक की जाती थी, वहां से दूसरे जगहों पर सप्लाई की जाती थी? इस बारे में चूक कैसे हुई? अपने स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं की?
दरअसल, रविवार की रात मद्य निषेध की टीम ने बाईपास थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक गोदाम में छापेमारी की थी। वहां से बड़े स्तर पर शराब की खेप बरामद हुई। लंबे वक्त से वहां से शराब का गोरख धंधा चल रहा था। आरोप है कि इस बात की जानकारी थानेदार को थी।
चौकीदार ने भी इस बारे में हर जानकारी डिपार्टमेंट के सीनियर अधिकारियों को नहीं दी। इसी वजह से इन दोनों पर आज कार्रवाई हो गई। 2009 बैच के इंस्पेक्टर मुकेश पासवान का विवादों से पुराना नाता रहा है। पटना से पहले इनकी पोस्टिंग बेगूसराय जिले में थी। वहां भी इनके ऊपर शराब माफियाओं के साथ सांठगांठ का आरोप लगा था।