2021/02/15

सनकी आशिक: वैलेंटाइन्स डे पर युवक ने बंदूक की नोक पर लड़की को किया प्रपोज, कहा- जल्दी बोलो 'I Love You', फिर जो हुआ

DARBHANGA : वैलेंटाइंस डे यानी इजहार-ए-मोहब्‍बत का द‍िन है। हर कोई अपने अपने ह‍िसाब से इश्‍क का इजहार कर भी रहा है। लेक‍िन, दरभंगा के इस युवक ने कुछ अलग करने के चक्‍कर में जो क‍िया, वह चर्चा का व‍िषय का बना हुआ है। 

प्यार में पागलपन की हद कई बार लोग पार कर जाते हैं। कुछ ऐसा कर जाते हैं, जिस कारण से सामाजिक बदनामी होती है और प्यार भी दूर हो जाता है। थाने जाना पड़ता है। जेल की हवा खानी पड़ती है। 

दरभंगा जिले के जाले थानाक्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने कुछ इस अंदाज में प्यार का इजहार किया कि उसे न सिर्फ आम आदमी के कोप का शिकार होना पड़ा। बल्कि, थाने में हाजत की हवा खानी पड़ी। पुलिस युवक से सघन पूछताछ कर रही है।

बताया गया है कि वेलेंटाइन डे पर थाना क्षेत्र में एक युवती को एक श्राद्ध समारोह में टेंट व बिजली बत्ती लगाने पहुंचा राढ़ी उत्तरी पंचायत के उमरचक गांव का निवासी अशोक साहनी ने शनिवार की रात प्यार का इजहार करने के लिए रोका। युवती बिफर गई। उसके विरोध को देख युवक अचानक हिसक हो गया। 

कमर में रखे देशी कट्टा युवती के सीने पर तान दिया। युवती से जबरन प्यार स्वीकार करने को कहने लगा। युवती ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आंगन में समारोह में मौजूद लोग दौड़े व युवक को काबू में लेकर उसकी हाथों से कट्टा छीन लिया। मौके पर मौजूद चौकीदार को युवक व कट्टा दोनों सौंप दिया। मौके पर पहुंचे जमादार उमेश प्रसाद ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक के समक्ष युवक ने बताया कि बहुत दिनों से उस युवती से प्यार करता था। लेकिन, इजहार नहीं कर पाता था, पिस्तौल के बल पर प्यार स्वीकार कराने वास्ते उसने थानाक्षेत्र के राढ़ी गांव से चार दिन पूर्व एक व्यक्ति से देशी कट्टा खरीदा था। अब पुलिस इस जानकारी के बाद आग्नेयास्त्र कारोबारी की खोज कर रही है।पुलिस के मुताबिक मामले की जांच चल रही है। युवक द्वारा उपयोग में लाए गए तमंचे की खोज की जा रही है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।