2021/02/15

प्रेमी जोड़े व शादीशुदा कपल्स ने .....वेलेंटाइन डे पर साथ जीने-मरने की खाईं कसमें

DARBHANGA : वैलेंटाइन डे पर प्रेमी जोड़े व शादीशुदा कपल्स ने ‘हर फूल आपको नए अरमान दे। हर सुबह आपको एक सलाम दे। हमारी ये दुआ है तहे दिल से। अगर आपका एक भी आंसू निकले तो खुदा आपकों उससे दुगनी खुशी दे।
कुछ इन्हीं शब्दों में एक-दूसरे से अपनी बेपनाह प्यार का इजहार किया। कोरोना महामारी के दौरान अपने भी अपनों से दूर हो गए थे। 

कोरोना का प्रकोप कम होने पर प्रेमी जोड़ों ने पूरे उत्साह से वैलेंटाइन डे सेलेब्रेट किया। वेलेंटाइन डे पर सुबह-सुबह प्रेमी जोड़ों ने एक-दूसरे को लाल गुलाब भेंट कर अपने प्यार का इजहार किया। 

हमेशा साथ रहने की कसमें खायीं। कई शादीशुदा कपल्स ने मंदिर जाकर भगवान से आशीर्वाद लिया। कई प्रेमी जोड़ों ने भी पूरा दिन साथ बिताकर साथ जीने-मरने की कसमें खाई। वैलेंटाइन डे को लेकर स्टेशन रोड स्थित फूलों का बाजार सुबह से ही गुलजार रहा। वैलेंटाइन डे को लेकर दुकानदारों ने खास तौर पर कोलकाता से लाल व पीले गुलाब के अलावा रंग- बिरंगे जरवेरा मंगाए थे। 

कई लोगों ने खास फूल का पहले से ऑर्डर दे रखा था। फूलों की अच्छी बिक्री से दुकानदार काफी उत्साहित दिखे। फूल विक्रेता प्रदीप भंडारी ने बताया कि उम्मीद से ज्यादा फूलों की बिक्री हुई। वहीं दूसरी ओर वैलेंटाइन डे को लेकर शहर के कई रेस्टोरेंट में आकर्षक सजावट की गई थी। 

शाम होते ही मिर्जापुर, दरभंगा टावर, वीआईपी रोड आदि जगहों पर स्थित होटलों में चहल- पहल बढ़ गयी। सोनकी के नजदीक स्थित रिसोर्ट में भी लोगों ने जमकर वेलेंटाइन डे का जश्न मनाया।