2021/02/06

समस्तीपुर इंटरमीडिएट परीक्षा के पांचवें दिन जीव विज्ञान की परीक्षा में कदाचार के आरोप में एक छात्र निष्कासित

SAMASTIPUR : इंटरमीडिएट परीक्षा के पांचवें दिन शुक्रवार को कदाचार के आरोप में पीआरडी उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम से एक छात्र राजा कुमार को निष्कासित कर दिया गया। वरीय उप समाहर्ता सह जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों की जांच की। जिले के 82 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा हुई। प्रशासन की ओर से केंद्रों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पहली पाली में परीक्षार्थी बायोलॉजी व दूसरी पाली में कला संकाय के परीक्षार्थियों ने हिदी की परीक्षा दी। 

प्रथम पाली में कुल 22,890 परीक्षार्थियों में 22,556 ही उपस्थित हुए। जबकि, 334 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 29,731 में 29,015 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। इसमें 716 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर कड़े इंतजाम के बीच पूरी तरह जांच पड़ताल के बाद ही परीक्षा केंद्र के भीतर परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। 51,571 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा

इंटर परीक्षा की प्रथम पाली में समस्तीपुर में 17,160 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना था। इसमें 16,888 उपस्थित व 272 अनुपस्थित रहे। दलसिंहसराय अनुमंडल के परीक्षा केंद्रों पर 1054 में 1041 उपस्थित व 13 अनुपस्थित रहे। पटोरी अनुमंडल के परीक्षा केंद्रों पर 2167 में 2143 परीक्षार्थी उपस्थित व 24 अनुपस्थित रहे। 

रोसड़ा अनुमंडल में परीक्षा केंद्र पर 2509 में 2484 उपस्थित हुए जबकि 25 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में समस्तीपुर में 19,170 में 18,648 उपस्थित और 522 अनुपस्थित रहे। दलसिंहसराय में 2614 में 2552 उपस्थित व 62 अनुपस्थित रहे। पटोरी में 2053 में 2023 उपस्थित व 30 अनुपस्थित रहे। रोसड़ा में 5894 में 5792 उपस्थित एवं 102 अनुपस्थित रहे। पूरी जांच के बाद मिला केंद्र में प्रवेश

कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए परीक्षार्थियों की पूरी जांच की गई। केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचने को लेकर सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिग की गई। परीक्षार्थियों को तीन लेयर जांच से गुजरना पड़ा। इस दौरान बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर दंडाधिकारी व पुलिस बल के नेतृत्व में जूता-मोजा खुलवाकर परीक्षार्थियों की जांच की गई। 

जबकि कक्ष में पहुंचने से पूर्व केंद्राधीक्षक द्वारा जांच पड़ताल से संतुष्ट होने के बाद परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई। वहीं परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिका देने से पूर्व जांच करते हुए चीट पुर्जा नहीं रखने और कदाचार न करने की हिदायत दी गई।