बिहार राज्य कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से पटना में आयोजित खेल सम्मान में इन्हें राज्य खेल पुरस्कार (राष्ट्रीय श्रेणी) प्रदान की गई। इसके अलावे विभाग की ओर से मेडल और प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। स्वीटी ने बताया कि वह शहर के घोषलेन उच्च विद्यालय में दसवीं की छात्रा है। बचपन से ही फुटबॉल में अभिरूचि रही है।
खेल में बेहतर प्रदर्शन के बाद स्कूल ऑफ सॉकर के द्वारा राज्य स्तरीय टीम में चयन किया गया। वर्ष 2019 में 7 से 20 अप्रैल तक उड़ीसा के कटक में फुटबॉल प्रतियोगिता हुई थी। इसमें देश के सभी राज्यों की टीम शामिल हुई। राज्य से उन्हें तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ।
स्वीटी ने बताया कि जिला स्तर पर मैराथन में भी कई बार पुरस्कृत हो चुकी है। आगे वह फुटबॉल खेल में ही अपना कैरियर बनाना चाहती है। इधर, खेल मंत्रालय की ओर से पुरस्कार मिलने पर माता इंद्रकला देवी और स्वजनों में काफी हर्ष है।