2021/02/14

भारी पड़ा 'आंख्या का यो काजल' पर डांस...राजेंद्र कॉलेज के प्रिंसिपल-12 सहायक प्रोफेसर सस्पेंड

CHAPPRA : भारत के प्रथम राष्ट्रपति और देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में छपरा के प्रतिष्ठित राजेंद्र कॉलेज का एक डांस वीडियो वायरल हुआ था। अब इस मामले में राजभवन के निर्देश के बाद जयप्रकाश विश्वविद्याल के कुलपति ने कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को सस्पेंड कर दिया है। इसमें विश्वविद्याल के तीन अधिकारी, कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य और 12 शिक्षक शामिल हैं।

यह हैं निलंबित हुए शिक्षकों के नाम

  • प्रो. प्रमेन्द्र रंजन सिंह, प्राचार्य
  • डॉ. विवेक तिवारी, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. रूपा मुखर्जी, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. तनु गुप्ता, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. गोपाल कुमार सहनी, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. इकबाल जफर अंसारी, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. तनुका चटर्जी, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. बेथियार सिंह साहू, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. अब्दुल रशीद, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. रिचा मिश्रा, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. रमेश कुमार, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. रामानुज यादव, असि. प्रोफेसर
  • डॉ. शहदाब हाशमी, असि. प्रोफेसर

03 दिसंबर को डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती होती है। बीते साल यानी 03 दिसंबर, 2020 को राजेंद्र जयंती पर छपरा के राजेंद्र कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शालीनता के साथ शुरू हुआ यह कार्यक्रम जैसे-जैसे समापन की ओर बढ़ता गया, शालीनता खत्म होती गई। शिक्षक और कॉलेज के अन्य अधिकारी स्टेज पर पहुंच गए। इसके बाद कार्यक्रम की गरिमा का ख्याल किसी को नहीं रहा और सपना चौधरी के गाने से लेकर डांस सॉन्ग्स पर ठुमके लगने का दौर शुरू हो गया।

शिक्षक और कॉलेज के वरिष्ठों को झुमता देख छात्र भी खुद को नहीं रोक पाए थे और वे भी स्टेज पर चढ़ गए। इस पूरे प्रकरण का वीडियो वायरल हो गया था। मामला राजभवन तक पहुंच गया और वहां से मिले निर्देश के बाद कॉलेज के कुल 16 लोगों को निलंबित कर दिया गया है।

बीते साल 3 दिसंबर को राजेन्द्र कॉलेज के कुलदेवता व देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का जयंती समारोह आयोजित हुआ था। कार्यक्रम में जेपी विवि के कुलपति समेत अन्य शिक्षाविद् आए थे। करीब आठ घंटे तक धूमधाम से चले कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के बाद कर तो दिया गया, लेकिन बाद में मौजूद लोगों की फरमाईश पर भोजपुरी गाने बजाए गए। 

इसमें सपना चौधरी के फेमस गाने 'आंख्या का यो काजल...' पर प्राचार्य समेत सभी सहायक प्रोफेसर झूम उठे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। डांस के वीडियो में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती से संबंधित स्टेज व बैनर लगे थे, जिससे जयंती समारोह की खूब किरकिरी हुई। लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी काफी आलोचना की। मामला और गंभीर बन गया। राजभवन ने इसे काफी गंभीरता से लिया।