SAMASTIPUR : समस्तीपुर शहर के ताजपुर रोड काशीपुर चौक के निकट शुक्रवार शाम एक दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर हमला कर कार सवार पैक्स अघ्यक्ष समेत चार लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
कार के शीशा तोड़ दिया और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब दस मिनट तक बीच सड़क पर उत्पात मचाते रहे। इससे आसपास भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तत्काल नगर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची गई। इससे पूर्व सभी बदमाश भाग निकले। जख्मी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरपुर जयराम बेला निवासी रंजीत कुमार झा के पुत्र ज्ञान प्रकाश झा उर्फ ज्ञानी झा,सतेन्द्र झा के पुत्र विकास कुमार, प्रभात कुमार झा के पुत्र प्रफुल्ल कुमार, तिसिऔता के आशुतोष कुमार के रूप में हुई है।
जख्मी ज्ञानी झा रूप नारायणपुर बेला के पैक्स अघ्यक्ष हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शुक्रवार को पैक्स अघ्यक्ष ज्ञानी झा का गांव के ही किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। पीडित ने बताया कि अपने सहयोगियों को लेकर इसकी शिकायत करने थाना जा रहे थे।
इसी बीच काशीपुर चौक के निकट दस बारह बाइक पर सवार एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने बीच सड़क पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। पिस्टल के बट से सिर पर वार किया और कार का शीशा भी फोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे सदर डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Input-dainik jagran