SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर बहिरा चौर के एक गड्ढे से पिछले दिनों अपहृत एक नाबालिग छात्रा का शव मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। शव मिलने की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मृतका की पहचान सातनपुर गांव के ही रामउदगार राय की पुत्री 15 वर्षीय अंबिका सोनी के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही दल बल के साथ थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका बच्चा साह उच्च विद्यालय सातनपुर में नामांकित नौवीं कक्षा की छात्रा बताई गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस विभिन्न बिदुओं पर जांच कर रही है। मृतका की मां रासो देवी ने गत 7 फरवरी को थाना में अपनी पुत्री अंबिका सोनी के गायब होने की शिकायत करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कहा गया था कि 2 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे उसकी पुत्री घर से कुछ सामान लाने के लिए सातनपुर चौक गई थी।
इसके बाद वह शाम तक घर नहीं लौटी तो स्वजनों द्वारा अपने रिश्तेदारों एवं अन्य स्त्रोतों के माध्यम से छात्रा की खोजबीन करने लगे। जब कहीं पता नहीं चला तो छात्रा के गायब होने के संबंध में 7 फरवरी को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
इसमें मृतका की मां ने पड़ोसी रौशन कुमार पिता मनीष कुमार उर्फ मालबाबू राय सहित तीन लोगों को आरोपित किया था। इसी बीच मंगलवार की सुबह छात्रा का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बहिरा चौर के गड्ढे में मिला.
INPUT-DAINIK JAGRAN