2021/02/18

मासूम लड़की का कपड़ा बीच सड़क पर कार में फंस गई...1 KM तक घिसटती चली गई लड़की

PATNA :  तस्वीर दिल दहला देती हैं। सामने से जिसने देखा होगा, उसपर क्या गुजरा होगा- अंदाजा आप लगाएं। छह साल की मासूम लड़की का कपड़ा बीच सड़क पर कार में फंस गई। प्रत्‍यक्षदर्शियों ने शोर मचाया, लेकिन चालक तक आवाज नहीं पहुंच सकी। इस बीच कार में फंसी बच्‍ची करीब एक किलामीटर तक घिसटती चली गई। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

घटना पटना के पटना-दनियावां पथ में नयका रोड के पास की है। दिल दहला देने वाली इस दुर्घटना के प्रत्‍यक्षदशियों के अनुसार ऐसा लगा कि कार में फंसी बच्‍ची तड़प-तड़प कर मर जाएगी, लेकिन सौभाग्‍य से गाड़ी समय रहते रुक गई।

बुधवार की शाम में छह वर्षीय लड़की कार में फंसकर एक किलोमीटर तक घिसटती हुई दनियावां बाजार पहुंच गई। बच्ची को घिसटते देखकर बाजार में हंगामा मच गया। लोगों ने शोर मचाया तो चालक ने गाड़ी रोक दी। स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्ची को गाड़ी से अलग किया गया। 

उसके पैर-पेट व पीठ में कई स्थान से त्वचा व मांस अलग हो चुके हैं। तत्काल उसे प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल रेफर कर दिया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छह वर्षीय सौम्या कुमारी माता-पिता के साथ घर जा रही थी। माता-पिता पीछे रह गए। इसी दरम्यान एक ऑल्टो कार निकली, जिसमें उसका कपड़ा फंस गया। कार चल रही थी और फंसी बच्ची चिल्ला रही थी। लोग भी पीछे से शोर मचा रहे थे। गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक को कुछ सुनाई नहीं दिया। दनियावां बाजार में गाड़ी की स्पीड कम होने पर चालक को घटना की जानकारी मिली।घायल बच्‍ची के माता-पिता पटना सिटी के सिकंदरपुर गांव के रहने वाले हैं। दनियावां पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।