2021/02/15

बड़ी खबर : पटना समेत बिहार के कई जिलों में भूकंप के झटके.. घरों से बाहर निकले लोग

PATNA : पटना में सोमवार की रात करीब 9:20 में भूकंप का झटका महसूस किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। कई जगह पर लोग घरों से बाहर निकल गए हैं। घरों से निकले लोगों ने बताया कि कुछ ही सेकेंड के लिए झटका महसूस हुआ। इसके बाद बाहर आ गए। लोग एक-दूसरे से फोन कर पूछ रहे हैं।खबर लिखे जाने तक अभी तक कहीं से भी जान माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। भूकंप की तीव्रता 3.5 थी। दक्षिण बिहार के साथ-साथ उत्तर बिहार के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। 

भूकंप जोन - 5 में आता है बिहार

भारत को भूकंप के खतरे के आधार पर जोन-2, 3, 4 और 5 में बांटा गया है। जोन-2 सबसे कम खतरे वाला और जोन-5 सबसे ज्यादा खतरे वाला जोन माना जाता है। दक्षिण भारत के ज्यादातर हिस्से सीमित खतरे वाले जोन-2 में आते हैं। मध्य भारत भी कम खतरे वाले जोन-3 में आता है। वहीं, जोन-4 में जम्मू और कश्मीर का कुछ हिस्सा, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, उत्तर बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र शामिल हैं। जोन-5 में जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी और मध्य हिमालय, उत्तर और मध्य बिहार, उत्तर-पूर्व भारत, कच्छ का रण और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह आते हैं।