SAMASTIPUR : शिवाजी नगर ओपी क्षेत्र के कांकड़ गांव निवासी स्वर्ण और बर्तन व्यवसायी नारायण कुमार का बैग छीनकर भाग रहे अपराधियों को बुनियादपुर गांव के ग्रामीणों ने खदेड़ कर पकड़ लिया एवं पुलिस के हवाले कर दिया । गिरफ्तार अपराधी की पहचान हथौरी थाना के रहटौली निवासी चंदेश्वर सहनी के पुत्र नरेश सहनी और विभूतिपुर थाना के पतैलिया निवासी प्रमोद स्वामी का पुत्र कुंदन कुमार बताते हुए पीडि़त दुकानदार के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है ।
मिली जानकारी के मुताबिक जगन्नाथपुर चौक पर सोना और बर्तन की दुकान चला रहे नारायण कुमार रविवार की देर शाम अपनी दुकान बंद कर अपने गांव कांकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे । दुकान के निकट से ही पीछा कर रहे एक पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधी ने सुनसान सड़क पर भानपुर गांव के निकट रोककर बैग छीन लिया एवं बुलेट की चाबी छीन कर फेंक दी। वहींं धमकी दिया कि हल्ला करोगे तो जान से मार देंगे ।
पीछे से आ रहे काकड़ गांव के ही एक व्यवसाई की बाइक पर पीडि़त दुकानदार बैठकर अपराधी का पीछा किया एवं हल्ला कर दिया । बैग छीनकर भाग रहे अपराधी की बाइक बुनियादपुर गांव के निकट गिर गई और अपराधी बाइक छोड़कर भागने लगे ।
हल्ला सुनकर ग्रामीणों ने खदेड़कर भाग रहे दोनों अपराधी को पकड़ लिया एवं पुलिस को सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया । पीडि़त व्यवसायी ने बताया कि उसके बैग में सोना का नकमुन्नी एवं चांदी के जेवरात और दिनभर की बिक्री का नकद रुपया था।
Input-dainik jagran