2021/02/15

भीड़ के हत्थे चढ़ा मोबाइल चोर तो लात-घूंसे और बेल्ट से पीटा....चोर के शरीर पर टूटे 6 बेल्ट...हालत गंभीर

BEGUSARAI : बेगूसराय में भीड़ ने एक मोबाइल चोर की बुरी तरह पिटाई की। लगातार 3 घंटे तक उसे लात-घूंसों से पीटा जाता रहा, जिसके बाद उसकी हालत नाजुक हो गई। इसी बीच किसी ने इस बात की जानकारी पुलिस को दे दी, पुलिस ने आते ही उसे भीड़ से छुड़ाया। 

फिलहाल चोर का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। आरोप है कि वह दो दोस्तों के साथ रविवार की रात एक बिजनेसमैन का मोबाइल ले उड़ा था। इसके बाद चोरों के इस गैंग की तलाश स्थानीय लोग कर रहे थे। सोमवार को डाकबंगला चौक पर एक चोर लोगों की पकड़ में आ गया, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई।

शहर में इन दिनों चोर काफी सक्रिय हो गए हैं। आए दिन छिनैती और चोरी की घटनाएं हो रही हैं। नगर थाना क्षेत्र के एक बिजनेसमैन के मोबाइल चोरी होने के बाद लोग चोर की तलाश में जुटे थे। सोमवार को जैसे ही वह दिखा, लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद तो भीड़ बढ़ती ही गई।

 घेरकर उसे पीटना शुरू कर दिया। लात-घूंसे से मन नहीं भरा तो बेल्ट से पिटाई शुरू कर दी। 6 बेल्ट उसकी शरीर पर टूटे। लगभग 2 घंटे तक पिटाई के बाद जब वह जिंदगी की भीख मांगने लगा तो भीड़ से दूर खड़े एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन लगा दिया। करीब 1 घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद उसे भीड़ से छुड़ाया। नगर थाना के आने तक भीड़ ने उसे खूब पीटा।

पकड़ा गया चोर डाकबंगला बिष्णुपुर निवासी हरि साह का बेटा करण कुमार (19 साल) है। उसकी हालत नाजुक है और इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। उसने बताया कि चोरी के आरोप में मुझे लोगों ने पीटा है, जबकि काम मेरे दोस्तों ने किया था। वह दिल्ली में रहकर काम करता है। कुछ दिनों पहले ही वह बेगूसराय आया है। पुलिस ने बताया कि चोर का इलाज चल रहा है। इसके बाद मामले की पड़ताल शुरू की जाएगी।

Input-dainik bhasker