PATNA : वायुसेना केंद्र बिहटा में सुबह 8 से 10 बजे तक के लिए संतरी ड्यूटी कर रहे राजस्थान के झुंझुनू के रहने वाले जवान कर्मलाल ने गोली मारकर सुसाइड कर ली। गोली की आवाज सुनते ही कई लोग उधर दौड़े। आनन-फानन में जवान को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम भी करा दिया गया है।
शनिवार को सुबह तक जवान के परिजन बिहटा पहुंच जाएंगे। फिलहाल वायुसेना का कोई भी अधिकारी इस घटना के बारे में कुछ भी बताने से बच रहा है। समाचार लिखे जाने तक घटना का सही कारण पता नहीं चल सका है। परिजनों के आने के बाद ही सही बात सामने आएगी।
फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार कर्मलाल अविवाहित थे। वर्ष 2017 में उन्होंने एयरफोर्स ज्वाइन किया था। 2018 से उनकी पोस्टिंग बिहटा में थी। पुलिस के अनुसार अविवाहित होने के कारण किसी तरह का पारिवारिक तनाव की बात होने की संभावना कम है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद जैसी शिकायत मिलेगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।