MUZAFFARPUR : मीनापुर थाना क्षेत्र के मझौलिया पोखर इलाके में बुधवार की देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने लूट के दौरान कारोबारी को गोली मार दी। घायल कारोबारी दाउदपुर छपरा निवासी चुन्नू वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र रिशु वर्मा बताया गया हे।
बताया गया कि मीनापुर से फाइनेंस कंपनी का पैसा कलेक्शन कर वे घर लौट रहे थे। इसी क्रम में बाइक सवार तीन अपराधियों ने ओवरटेक कर मझौलिया के समीप रिशु से लूटपाट की। उनके पास से नकदी लूट ली। इसका विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। उनकी गर्दन के समीप गोली लगी है। स्वजनों ने बताया कि इलाके में लगातार लूट और छिनतई की घटना हो रही है।
बावजूद पुलिस की तरफ से सक्रियता नहीं बरती जा रही है। रात्रि गश्ती के नाम पर मीनापुर पुलिस खानापूर्ति करती है। इस कारण इलाके के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस की शिथिलता की वजह से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मीनापुर पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।