2021/02/11

समस्तीपुर में सरस्वती पूजा में नहीं बजेगा डीजे..आर्केष्ट्रा, नाच-गाना कुछ भी नहीं..हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर

SAMASTIPUR : मुफस्सिल थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रतिनिधियों और पूजा कमेटी के सदस्यों से सरस्वती पूजा और पैक्स चुनाव को लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी आरके दिवाकर ने पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और सरस्वती पूजा कमेटी के पदधारकों को प्रशासनिक निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा में डीजे और सांस्कृतिक आयोजन (आर्केष्ट्रा, नाच-गाना) पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। पूजा कमेटी को विसर्जन जुलूस निकालने के लिए प्रशासनिक अनुमति लेनी होगी। इसका लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। इसमें कमेटी के सदस्यों का नाम और विसर्जन का रूट चाट भी दर्शाना आवश्यक है। शांति व्यवस्था और सादगी के बीच पूजा और प्रतिमा विसर्जन का कार्य पूरा किया जाएगा। 

नियम का उल्लंधन करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 15 को पैक्स चुनाव और 17 फरवरी से जिले में मैट्रिक की परीक्षा आयोजित की जा रही है। 17 फरवरी तक प्रतिमा विसर्जन का कार्य पूरा कर लेना है। लोगों से बंधुता और भाईचारे के बीच त्योहार मनाने की अपील की। वहीं सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने कहा कि पूजा अवधि में हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। 

विधि व्यवस्था का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने आमलोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग की अपील की। 

बैठक में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि व पूजा कमेटी के सदस्यों ने शांति व्यवस्था कायम रखने में पुलिस प्रशासन को सहायता का आश्वासन दिया। मौके पर सरपंच बेबी साह, मुखिया खुशबु कुमारी, मनोज रजक, चंदन, अनिल गुप्ता, संजय दास, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार समेत पूजा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।