2021/02/11

समस्तीपुर में तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचला...सब्जी लेकर लौट रहा था घर

SAMASTIPUR : दलसिंहसराय थाना क्षेत्र की रामपुर जलालपुर पंचायत के चकदेवी पोखर के पास बुधवार को सब्जी लेकर घर लौट रहे साइकिल सवार की एक बस से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान मालपुर वार्ड संख्या 3 निवासी स्व.रामजी पासवान के पुत्र और आशा नीला कुमारी के पति राम नारायण पासवान (45) के रूप में हुई है।

 सूचना मिलते ही घटना स्थल पर दल बल के साथ पहुंचे दारोगा शिव कुमार त्रिपाठी ने शव को कब्जे में लेकर थाना ले गए। वही मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने मालपुर चौक पर सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। 

जानकारी के अनुसार राम नारायण दलसिंहसराय बाजार से सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी तेल डिपो चकदेवी पोखर के पास दलसिंहसराय की ओर से रोसड़ा की ओर जा रही एक बस ने उसे कुचल दिया। जबतक आसपास के लोग कुछ समझ पाते बस चालक साइकिल सवार को कुचलते हुए फरार हो गया। 

मृतक के दो पुत्र और तीन बेटी है। वही उनकी पत्नी अनुमंडल अस्पताल में कार्यरत आशा नीला कुमारी सहित स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। 

सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बस, ट्रक एवं अन्य वाहन अनियंत्रित होकर चलते हैं। जिस पर प्रशासन की ओर से कोई करवाई नहीं की जाती। 

अगर प्रशासन करवाई करे तो सड़क दुघर्टनाओं में कमी आएगी। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।