2021/02/11

अधेड़ की हत्या कर शव फेंका, आंख निकाली...शव देखने के लिए ...लोगों की भीड़ जुटी

MUZAFFARPUR : अहियापुर थाना क्षेत्र के बांध रोड जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के पास बुधवार को गेहंू के खेत में अधेड़ का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। जितने लोग उतनी तरह की चर्चा होने लगी। अधेड़ की आंख भी निकाली जा चुकी थी। चेहरे पर कई जगहों पर जख्म भी मिले हैैं। अहियापुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

 देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। कहा गया कि पोस्टमार्टम कराकर नियम के तहत शव को सुरक्षित रखा जाएगा। अगर पहचान नहीं हुई तो सरकारी नियम के तहत दाह संस्कार कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या कहीं और करके शव छिपाने के लिए गेहूं के खेत में ठिकाने लगा दिया गया होगा।

पुलिस का कहना है कि शव तीन-चार दिन पुराना लग रहा है। उससे दुर्गंध आ रही थी। पहचान के लिए पुलिस ने वीडियोग्राफी भी कराई है। जिले के आसपास के थानों को तस्वीर भेजी गई है। अहियापुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार रजक का कहना है कि मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।