2021/02/11

समस्तीपुर : बहन के बेटे की हत्या से सदमे में थी किशोरी, महिला ले गई अपने घर, रात में पति व उसके भाई ने किया सामूहिक दुष्कर्म

SAMASTIPUR : जिले के बिथान थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व बहन के बेटे की हत्या से सदमे में रही एक किशोरी को गांव में ही पड़ोस की एक महिला अपने घर ले गई। जहां मंगलवार रात किशोरी से महिला का पति व उसके भाई ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। सुबह किसी तरह अपने घर लौटी किशोरी ने घटना की जानकारी अपनी बहन को दी। इसके बाद लोगों को घटना के बारे में जानकारी हुई। 

घटना की सूचना इलाके में फैलते ही ग्रामीणों ने आरोपी के घर को घेर लिया। लेकिन महिला का पति व उनका भाई पीछे के रास्ते से भाग निकला। ग्रामीणों ने महिला को पकड़ कर बिथान पुलिस को सौंप दिया है। घटना के कारण गांव में तनाव व्याप्त है। उधर, पीड़ित किशोरी कुछ ग्रामीणों के साथ महिला थाने पहुंची है। महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता ने बताया कि मामले में पीड़ित का बयान लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

आरोपी भागे, महिला हिरासत में

जानकारी अनुसार दो दिन पूर्व बिथान थाना क्षेत्र में अपने मामा के घर आए एक किशोर की उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह मामा व मामी के बीच हो रहे झगड़े में बीच बचाव करने आया था। बताया गया है कि इस घटना के बाद घर के लोग मृतक के घर चले गए थे। घर में पीड़ित किशोरी अकेली थी। पीड़ित का कहना है कि वह जब शौच के लिए निकली तो उसकी भेंट पड़ोस के सुलेखा देवी से हो गई। सुलेखा किशोरी को यह कहते हुए अपने घर ले गई कि तुम घर में अकेली हो रात में मेरे यहां ही सो जाओ।

किशोरी सुलेखा के घर पर ही रात में सो गई। इसी दौरान रात में सुलेखा का पति शिवशंकर यादव व महिला का भाई मिथिलेश यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह किशोरी अपने घर पहुंच कर घटना की जानकारी लोगों को दी। इसके बाद लोगों ने आक्रोशित हो कर आरोपित के घर को घेर लिया। हालांकि दोनों आरोपी पीछे के रास्ते फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया।