2021/02/09

बड़ी खबर : उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने के बाद समस्तीपुर के गंगा के तटीय क्षेत्रों पर हाई अलर्ट जारी

SAMASTIPUR : पटोरी अनुमंडल के तीनों प्रखंडों में गंगा के तटीय क्षेत्रों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गंगा के जलस्तर पर पूरी नजर रखी जा रही है। इस संबंध में पटोरी के एसडीओ मो. जफर आलम ने बताया कि मुख्यमंत्री के द्वारा जारी अलर्ट के पश्चात विभाग सक्रिय हो गया है। गंगा के तटवर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। 

पल-पल का रिपोर्ट लिया जा रहा है। ज्ञात हो कि पटोरी, मोहनपुर तथा मोहिउद्दीन नगर प्रखंड में गंगा के तट पर लगभग 2 दर्जन पंचायत आते हैं। यहां की घनी आबादी गंगा के किनारे रहती है। ग्लेशियर टूटने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के अतिरिक्त बिहार सरकार भी एक्शन में आ गई है जिसका प्रभाव पटोरी में भी दिखाई दे रहा है।

इस संबंध में पूछे जाने पर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल दलसिंहसराय के कार्यपालक अभियंता सरोज कुमार सिंह ने बताया गंगा के जलस्तर में कोई वृद्धि रिकॉर्ड नहीं किया गया है। वैसे प्रशासन को पूरी तरह चौकस रखते हुए हर पल गंगा का जलस्तर मापा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब इलाहाबाद में प्रति घंटे 2 सेंटीमीटर से अधिक जलस्तर की वृद्धि होगी तो प्रशासन को और अधिक चौकस कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 10 दिन से लेकर 2 सप्ताह के बाद ही यहां तक इसका असर आ सकता है, हालांकि इसकी संभावना भी काफी कम है। उन्होंने बताया कि बोरी में बालू भरकर रख लिया गया है। मोहनपुर प्रखंड के श्री शंकर उच्च विद्यालय के आसपास पहले से स्टॉक में बोरी में बालू भर कर रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सकता है। 

मोहिउद्दीनगर के अंचलाधिकारी प्रमोद रंजन ने बताया कि अब तक गंगा की जलधारा सामान्य है। ऐसी कोई हलचल नहीं है। फिर भी प्रखंड को अलर्ट पर रखा गया है। गार्ड व मछुआरों को निर्देश दिया गया है कि अगर गंगा में कोई हलचल होती है तो अविलंब इसकी सूचना अंचल कार्यालय को दें। लोगों ने माना- नहीं है खतरा इस संबंध में पूछे जाने पर मोहनपुर के डुमरी निवासी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र को इस घटना से कोई खतरा नहीं है और सरकार तथा प्रशासन की पैनी नजर गंगा घाटों पर है।

पूर्व पंचायत समिति सदस्य अशर्फी राय महंत का कहना है कि फिलहाल गंगा नदी का पानी काफी कम है। इससे ग्लेशियर के टूटने का प्रभाव इस क्षेत्र में बिल्कुल नहीं पड़ना चाहिए।हरपुर सैदाबाद के मुखिया अवधेश राय का मानना है कि उनका पंचायत बाढ़ के समय अधिक प्रभावित अवश्य होता है कितु बांध की ऊंचाई और मजबूती के कारण अब इस प्रभाव को आसानी से झेला जा सकता.

Input-dainik jagran