2021/02/04

बिहार : भाभी के प्यार में पागल युवक ने पत्नी को मार डाला...अवैध संबंध का विरोध करने पर बढ़ा था विवाद

BHAGALPUR : भाभी के प्यार में पागल एक युवक ने पत्नी को मार डाला। घटना नवगछिया के पकरा गांव की है। महिला के पिता बिहपुर थाने में चौकीदार हैं। घटना को उसके पति ने ही अपनी भाभी के साथ मिलकर अंजाम दिया। मृतका मनो देवी बिहपुर के सहोड़ी निवासी कैलाश राय की पुत्री थी। कैलाश राय बिहपुर थाने के चौकीदार हैं। उसकी चचेरी बहन पूजा देवी ने नवगछिया थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है, जिसमें उसके पति ङ्क्षमटू राय और उसकी भाभी को आरोपित किया है। पूजा की शादी भी पकरा गांव में ही हुई है।

पूजा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की देर रात मनो देवी के घर से झगड़े की आवाज आ रही थी। वहां पहुंची तो देखा कि मिंटू राय व उसकी भाभी ईंट से मनो देवी को बेरहमी से मार रही थी। उसके सिर से खून बह रहा था। वह जमीन पर लहूलुहान होकर गिरी पड़ी थी। उसके चेहरे और सिर को ईंट से कूच दिया गया था। गंभीर रूप से जख्मी मनो देवी को ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले गई। वहां चिकित्सक ने जांच करने के पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच दोनों आरोपित घर छोड़कर भाग निकले।

भाभी के साथ पति के अवैध संबंध का विरोध करने पर बढ़ा था विवाद

पूजा देवी ने दावा किया है कि मिंटू राय और उसकी भाभी के बीच में लंबे समय से प्रेम संबंध है। इसको लेकर घर में बराबर झगड़ा होता था। मिंटू पंजाब में रहकर मजदूरी करता है। दस दिन पहले ही ही घर वापस आया है। घटना की रात मिंटू राय को भाभी के साथ मनो देवी ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसको लेकर ही विवाद बढ़ा था। नवछिया थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पूजा देवी के बयान पर नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला के पति व भाभी को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।