2021/02/04

बिहार : SP ऑफिस के बगल में मर्डर..दिव्यांग अधेड़ को ईंट-पत्थर से कुचलकर मार डाला

ARA : भोजपुर जिले के आरा में बुधवार की देर रात ठीक एसपी आफिस के बगल में ही एक अधेड़ दिव्यांग की बेरहमी पूर्वक ईट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह शव मिलते ही सनसनी फैल गई। मौके से मृतक की ट्राईसाइकिल व चप्पल मिली। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। आसपास के लोगों से पहचान भी कराई गई। लेकिन, शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के चेहरे पर कई गंभीर जख्म पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात को लेकर भीड़ लगी रही।

सुबह पहर टहलने निकले लोगों की शव पर पड़ी नजर

बताया जाता हैं कि गुरुवार की सुबह कलक्ट्रेट तलाब, सूर्य मंदिर,मौलाबाग इलाके के लोग रोज की तरह टहलने निकले हुए थे। इस दौरान एसपी आफिस की चहारदीवारी से महज पन्द्रह मीटर की दूरी पर खून से लथपथ एक अधेड़ का शव  देखकर हैरान हो गए। बाद में हो-हल्ला होने पर भीड़ जुट गई। 

चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए एसपी आफिस आए युवकों की भी भीड़ जुट गई। बाद में इसकी सूचना नवादा इंस्पेक्टर संजीव कुमार को दी गई। जिसके बाद संबंधित थाना की पुलिस भी वहां पहुंच गई। शव से कुछ ही दूरी पर मृतक का ट्राईसाइकिल व चप्पल लावारिस हालत में पड़ा हुआ था। इसलिए मौके पर ही ट्राईसाइकिल से खिंचकर हत्या की संभावना जताई जा रही हैं।

देर रात सुना था शोर, डर से नहीं निकली महिला

इधर, एसपी आफिस व नवनिर्मित नए समाहरणालय भवन के पास एक महिला झोपड़ी लगाकर रहती है। महिला बबीता की मानें तो रात करीब एक बजे पांच-छह लोग शराब पीकर हो-हल्ला कर रहे थे। लेकिन,वह डर से नहीं निकली। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मारे गए दिव्यांग की पहचान और हत्या की कड़ी को सुलझाने में लगी हुई थी। संबंधित महिला से भी पूछताछ कर क्लू लिया जा रहा है।