2021/02/23

भाइयों ने अपनी बहन से हुई छेड़खानी का विरोध किया तो...बदमाशों ने एक के पंजरे और दूसरे की कनपटी में घोंपा छुरा

ARA : भोजपुर में दो भाइयों ने अपनी बहन से हुई छेड़खानी का विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें चाकू मार दी। दोनों भाइयों की हालत गंभीर है। 

घटना बिहिया थाना क्षेत्र के कटैया गांव की है। सोमवार रात एक लड़की पड़ोस में गाय के लिए दवा लाने गई थी। वापस लौटने के बाद गांव का ही एक बदमाश उसके साथ छेड़खानी करने लगा।

 लड़की किसी तरह वहां से भाग कर अपने घर पहुंची और घरवालों को इसकी शिकायत की, तभी लड़की के दोनों भाई बदमाश के पास गए और उससे पूछताछ करने लगे। 

इसी दौरान बदमाश का दोस्त भी वहां पहुंच गया। दोनों ओर से बहस होने लगी, तभी बदमाशों ने दोनों भाइयों पर चाकू से वार कर दिया। दोनों घायल होकर वहीं गिर गए। बदमाश वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्तपाल में भर्ती करवाया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस के अनसुर मामले में कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। 


बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घायलों की पहचान कटैया गांव निवासी गौतम महतो का 17 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार और ऋषिमुनि महतो का 18 वर्षीय पुत्र मनु कुमार है।

परिजनों के अनुसार बदमाशों ने अजीत और मनु को केवल इसलिए चाकू मार दी, क्योंकि दोनों ने अपनी बहन से छेड़खानी का विरोध किया। अजीत के पंजरे में और मनु के कनपटी में चाकू लगी है। 

ग्रामीणों का कहना है क्या उनकी बेटी-बहु घर से बाहर अकेले घूम भी नहीं सकती। बदमाश राह चलती लड़कियों से छेड़खानी करते हैं। पुलिस इस मामले में गंभीरता से ले और बदमाशों को गिरफ्तार करे।