NAWADA : पटना-रांची पथ पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के माधो बिगहा गांव के समीप बोलेरो और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में चाचा और भतीजा की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। मृतकों में टनटू यादव और उनका भतीजा अनिल यादव शामिल हैं। वहीं घायलों में कालिया देवी, शांति देवी और राजकुमार यादव शामिल हैं। तीनों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। वे सभी कोडरमा जिले के बसघरवा गांव के निवासी बताए गए हैं। घटना की सूचना उनके स्वजनों को दी गई है। स्वजनों ने पुलिस को फोन पर बताया कि टनटू अपनी मां कालिया देवी का इलाज कराने पटना जा रहा था।
सभी लोग पटना जा रहे थे। तभी सामने की ओर से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई है। दुर्घटना के बाद ट्रक सड़क किनारे लुढ़क गया। चालक ट्रक छोड़ कर भागने में सफल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।