2021/02/10

एक्सीडेंट के बाद बवाल..क्रेटा कार ने 2 युवकों को मारा धक्का.. हादसे में मौत की अफवाह पर 3 घंटे से हंगामा

PATNA : पटना के राजीव नगर में आज सुबह 6 क्रेटा कार की टक्कर से 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मौत के अफवाह के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने गुस्से में कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके बाद से लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और जमकर हंगामा किया। सड़क जाम के कारण बच्चों को सुबह स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पाटलिपुत्रा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास करने लगी। लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने सड़क जाम कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस जाम हटवाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे में घायल दोनों की हालत गंभीर है। वे रुबन हॉस्पिटल में एडमिट हैं। CCTV फुटेज खंगाला जा रहा है। कार चालक की तलाश की जा रही है।

लोगों का कहना है कि राजीव नगर में आज सुबह 6:00 बजे प्रवीण कुमार अपने ई रिक्शा से एक सवारी को लेकर जा रहे थे। इसी क्रम में राजीव नगर गैस गोदाम के पास तेज रफ्तार में आ रही क्रेटा कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। घटना में प्रवीण कुमार का दोनों पैर टूट गया और उनके साथ जो सवारी था उसके भी पैर कट गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया।