PATNA : एक शादीशुदा महिला पिछले कई महीनों से अपने मायके में रह रही थी। अचानक कल उसका पति उसके पास गया। उसे अपने भरोसे में लिया। फिर उसे साथ लेकर अपने घर आ गया। लेकिन, आज जो हुआ उसके बारे में किसी को अंदाजा तक नहीं था।
जिस महिला की मौत हुई, उसका नाम सोनी देवी था। पटना के ही अनीसाबाद के भीखाचक में उसका मायका है। करीब तीन साल पहले उदय कुमार ने अपनी बेटी सोनी की शादी अभिषेक कुमार के साथ कराई थी।
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को पति समेत ससुराल के सभी लोग प्रताड़ित करते थे। पैसे और काफी सामान देकर ही शादी हुई थी, पर शादी के बाद भी सोनी के जरिए दहेज की मांग की गई जिसे देने में पिता उदय कुमार असमर्थ थे।
इस कारण सोनी को टॉर्चर किया जाता था। यही वजह है कि पिछले कई महीनों से सोनी ससुराल का घर छोड़कर अपने मायके में रह रही थी। लेकिन, शुक्रवार को ही अभिषेक उसे लाने गया था और शनिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
पति अभिषेक ने ही सोनी की मौत की सूचना अपने ससुर उदय को कॉल कर दी थी। कहा था कि उनकी बेटी को काफी उल्टी हुई, इस कारण उसकी मौत हो गई। इस पर मायके से सभी लोग चांदपुर बेला पहुंच गए।
हालात देखने के बाद पिता को शक है कि उनकी बेटी की हत्या गला दबाकर की गई है। इनके शक की वजह से ही पुलिस ने दामाद अभिषेक, इसके बड़े भाई अखिलेश और मां दुलारी देवी के ऊपर नामजद FIR दर्ज की है।
लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि भाई और मां की भूमिका की जांच चल रही है।