2021/02/28

शख्स को तमंचा लहराते हुए पकड़ा लोगों ने हाथ-पैर बांध कर जमकर पीटा..मुंह से निकला खून

BHAGALPUR : बिहार के भागलपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं।छोटी खंजरपुर के मकबरा मोहल्ले में लोगों ने शनिवार शाम को स्थानीय एक युवक को तमंचा लहराते हुए पकड़ा और हाथ-पैर बांध कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में बरारी पुलिस को सूचना देकर बस्तीवासियों ने युवक को गिरफ्तार करवाया।

पकड़ाए युवक का नाम गोपाल दास उर्फ गोपू है, जो उसी मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक कट्‌टा, 9 जिंदा गोली बरामद किया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोपाल शराब के नशे में था और पूरी बस्ती में कट्‌टा लेकर घूम रहा था।

 जो भी उसे टोंकता या कुछ बोलता, उसी को गोली मारने की धमकी दे रहा था। बस्ती के मिथिलेश कुमार के घर भी नशे में बुरी नियत से घुस गया था। गोपाल के आतंक से भयभीत बस्तीवासियों ने वार्ड पार्षद गोविंद बनर्जी को मामले की जानकारी दी।

पार्षद ने बरारी थानेदार प्रमोद साह को बताया। थानेदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत गश्ती दल को मौके पर भेजा। उसके कमर में कट्‌टा खोंसा हुआ था और वहीं पास में सारी गोलियां पड़ी हुई थी। 

उसके दोनों हाथ में हथियार था, लेकिन पकड़ में आने से पहले उसने एक हथियार को कहीं फेंक दिया। पुलिस ने आसपास उक्त हथियार की खोज भी की, लेकिन अंधेरा रहने के कारण वह नहीं मिला। पिटाई में गोपाल को चोट आई है और उसके मुंह से खून भी निकल रहा था।