2021/02/17

सरस्वती पूजा में डीजे पर गाना बजाने के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच भिड़ंत...एक युवक को मारी गोली

ARA : भोजपुर जिले में सरस्वती पूजा के दौरान मंगलवार की रात डीजे पर गाना बजाने को लेकर बवाल हो गया।  डीजे पर गाना बजाने के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच भिड़ंत हो गई.

इस दौरान हथियारबंद तत्वों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक को गोली मार दी।  जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गोली से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा में भर्ती कराया गया है। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रमडिहरा- बड़ौरा टोला गांव की है। घायल 18 वर्षीय युवक विक्की कुमार पासवान रमडिहरा- बड़ौरा टोला गांव निवासी केशव पासवान का पुत्र है। मौके पर पहुंची पुलिस को तीन खोखा भी मिला है।  घायलों ने करीब सात राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। वारदात के पुलिस ने छापेमारी कर एक को उठाया है। 

बताया जाता है कि गड़हनी थाना क्षेत्र के रमडिहरा- बड़ौरा गांव में अलग-अलग टोला के दो पक्षों के युवक मंगलवार को मां सरस्वती की मूर्ति स्थापित कर बसंत पंचमी की पूजा कर रहे थे।  इस दौरान रात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर अनुसूचित जाति टोला के युवकों से दूसरे पक्ष के युवकों का विवाद हो गया। इसके बाद पहले नोकझोंक हुई। बाद में बंदूकें तन गई। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान विक्की पासवान गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गया।