2021/02/08

समस्तीपुर में मर्डर..बाइक सवार अपराधियों ने दिव्यांग युवक को मारी गोली...जांच में जुटी पुलिस

SAMASTIPUR : दलसिंहसराय थाने के सिजौली, वार्ड-5 के कार्तिक कुमार रजक (25) की बाइक सवार बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सेवानिवृत शिक्षक शिवशंकर रजक का पुत्र था। वह दोनों पैर से विकलांग था। घटना चकबहाउद्दीन पंचायत स्थित मंगल हाट के पास रविवार शाम में हुई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।

अस्पताल में घटना की जानकारी देते हुए सिजौली के ही टुनटुन शर्मा ने बताया कि बेलामेघ स्थित पेटी-बक्सा (चदरा, एल्युमिनियम) की दुकान बंद कर अपने कर्मी कार्तिक व आशीष के साथ बाइक से घर लौट रहा था। घर से थोड़ा पहले ही हाट के पास सड़क पर खड़े तीन बदमाशों ने आर्म्स का भय दिखाकर उसे रोक लिया। 

इसके बाद एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी। जिससे बचने के लिए वह एक ओर झुक गया। लेकिन बाइक पर बीच में बैठे कार्तिक को गोली लग गई। तब उसने अपनी जान बचाने के लिए बाइक को तेजी में आगे बढ़ा दिया। वहीं अपनी बाइक से सभी बदमाश जट्टाडीह की ओर भाग गए। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। कार्तिक की मौत होने की जानकारी मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ भी घटना पर अफसोस जता रहे थे।इस घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।