हसनपुर के एक मुहल्ला निवासी नवयुवक करीब सात साल पहले तीन बच्चों की मां को दिल दे बैठा था। प्यार परवान चढ़ने पर महिला सामाजिक लोकलाज की परवाह न कर और अपने तीन मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। सात साल से दोनों पति-पत्नी की तरह एक साथ रह रहे हैं। इस बीच उनके दो बेटियां भी पैदा हुईंं जिन्हें उन्होंने दूसरों को गोद दे दिया है।
अब युवक की उम्र करीब 24 साल हो गई है। वह प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए जेल जाने तक को तैयार है। जबकि, प्रेमिका उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी है। वह न तो प्रेमी को जेल भिजवाना चाहती है और न ही उसे छोड़ने को तैयार है। प्रेमी उसे छोड़कर कहीं चला न जाए इसलिए, जब प्रेमी टेंपो चलाता है तो प्रेमिका परिचालक का कार्य करती है। प्रेमी के सिर से पिता का साया उठने से उसे छोटे बहन-भाइयों की चिंता सता रही है।
वह प्रेमिका के साथ एक मिनट रहने को तैयार नहीं है। उधर, प्रेमिका उसकी बेरुखी से वह खुद को ठगा सा महसूस कर रही है। प्रेमिका प्रेमी को लेकर कोतवाली पहुंची। दिन भर पुलिस प्रेमी युगल का मामला सुलझाने का प्रयास करती रही। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि प्रेमी का प्रेमिका से अब मोहभंग हो रहा है। वह पीछा छुड़ाने के प्रयास में लगा है। तहरीर मिलेगी तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।