PALAMU : झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज शुक्रवार को सात हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार कर लिया. बीडीओ पर कूप निर्माण के लिए राशि भुगतान करने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप है.
पलामू जिले के हरिहरगंज प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सात हजार रुपये रंगे हाथों घूस लेते दबोच लिया. जानकारी के मुताबिक बीडीओ जागो महतो ने कूप निर्माण के लिए राशि भुगतान करने के एवज में सात हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. बीडीओ के खिलाफ संतोष यादव ने शिकायत दर्ज करायी थी.
एसीबी की टीम ने शिकायत मिलने के बाद इस मामले की जांच की. जांच में मामला सही पाये जाने पर यह कार्रवाई की गयी. गिरफ्तारी के बाद बीडीओ को हरिहरगंज से मेदिनीनगर लाया गया. यह एसीबी की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.