2021/02/19

समस्तीपुर : परिवहन विभाग के कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, आवेदकों की शिकायत पर कार्यपालक सहायक को हटाया

SAMASTIPUR : कलेक्ट्रेट परिसर स्थित परिवहन विभाग के कार्यालय का गुरुवार को डीएम शशांक शुभंकर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निबंधन काउंटर, अनुज्ञप्ति, टेस्टिंग आदि काउंटरों पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। 

वहीं वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच व संबंधित कर्मी से पूछताछ भी की। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने लाइन में लगे आवेदकों से बात की। 

जिस पर आवेदकों ने नया लाइसेंस हो या पुराने लाइसेंस का रिन्यूवल सहित अन्य काम को लेकर बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। आवेदकों से शिकायत मिलने के बाद डीएम ने संबंधित पदाधिकारी व कर्मियों को कार्य को गंभीरता से व ससमय समाप्त करने को कहा। 

वहीं लर्निंग लाइसेंस केंद्र में कार्यरत कार्यपालक सहायक को हटाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने लर्निंग लाइसेंस के ऑनलाइन टेस्टिंग केंद्र का भी निरीक्षण किया।