2021/02/27

दर्दनाक सड़क हादसा : गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो को कार ने मारी टक्कर...कई लोगों की हालत गंभीर

KHAGARIA : खगड़िया के चौथम में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं भरे टेम्पो को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। 

हादसे में 7 लोग घायल हैं, जिसमें एक की हालत नाजुक है। सभी लोग माघी पूर्णिमा पर चौथम के पिपरा से मुंगेर घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। 

हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में पिपरा निवासी स्वर्गीय घनश्याम दास की पत्नी इन्दु देवी की हालत गंभीर है, जिसे पटना रेफर किया गया है।


टेम्पो पर सवार सभी लोग पिपरा से गंगा स्नान के लिए मुंगेर घाट जा रहे थे। आज माघी पूर्णिमा है और इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टेम्पो पर 7 लोग सवार थे। चौथम थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। 

हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो पर सवार लोग कुछ सेकेंड तक हवा में ही रह गए। जोरदार टक्कर से जहां NH पर लगे पिलर टूट कर बिखर गए वहीं, कार का आगे का भाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


इधर, भीषण हादसे को देखकर कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने जब देखा तो दौड़ कर घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को उठाकर अस्पताल भेजने लगे। मानसी थाने को सूचना दी गई, जिसके बाद दल-बल के साथ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

 थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा हुआ है। बैलेनो कार को जब्त कर लिया गया है।

 इन्दु देवी की हालत नाजुक है, जबकि पिपरा निवासी किशोर दास की बड़ी बहन सत्या देवी और पप्पू सिंह की पत्नी बेबो देवी बुरी तरह घायल है। 

नवादा के 3 लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं, जिसमें भूमेश्वरी यादव,सेठो सिंह और पुलठू चौकीदार का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है।