2021/02/19

किराना दुकानदार को पत्थर से कूचकर मार डाला...परिजनों ने कहा- निर्मम हत्या हुई है, हत्यारे को गिरफ्तार करे पुलिस

SARAN : सारण के सोनपुर में भरपुरा रेलवे अंडरपास से करीब 10 मीटर दूर शुक्रवार सुबह एक दुकानदार का शव मिला है। वह गुरुवार से ही अपने घर से गायब था। दुकानदार की पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। शव के पास एक बाइक गिरी हुई है। बगल में एक पत्थर रखा हुआ है, जिसपर खून के धब्बे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ लग गई है।

इधर, सूचना मिलते ही सोनपुर के एडिशनल एसपी अंजनी कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों ने पत्थर से कूचकर हत्या की। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मृतक की पहचान भरपुरा गांव अमोद कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। वह अपने घर में ही जनरल स्टोर और गैस-चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। परिजनों का कहना है कि अमोद गुरुवार दोपहर से ही घर से गायब था। देर रात तक जब घर नहीं लौटा तो काफी खोजबीन की। लेकिन इसके बाद भी वह नहीं मिला। सुबह स्थानीय लोगों द्वारा अमोद की लाश मिलने की जानकारी मिली तो दंग रह गए। परिजनों ने कहा कि अमोद की निर्मम हत्या की गई है। पुलिस जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करे।