GOPALGANJ : लड़की बैग में शराब लाते पकड़ी गई है। महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर मोड़ के समीप एनएच 27 पर ओवरब्रिज के पास पुलिस ने हरियाणा से आ रही एक बस से 58 बोतल शराब के साथ बिहार के सारण निवासी युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ओवरब्रिज के पास हरियाणा तथा दिल्ली से आने वाली सभी बसों को रोककर तलाशी ले रही थी। आरोपित युवती से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सदर एसडीपीओ नरेश पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार के निर्देश पर बाहर से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। इसी क्रम में महम्मदपुर थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ महम्मदपुर मोड़ के समीप एनएच 27 पर बने ओवरब्रिज के पास बसों को रोककर तलाशी ले रहे थे। इसी बीच हरियाणा के गुरुग्राम से आ रही बस को पुलिस ने रोका। बस रुकते ही एक युवती बस से उतर कर भागने लगी।
उसे महिला पुलिस जवान की मदद से पकड़कर उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 58 बोतल शराब मिली। पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए युवती को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई आरोपित युवती सारण जिले के जलालपुर की निवासी श्वेता मिश्रा है।
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवती ने शराब की सप्लाई करने वाले तस्करों के बारे में जानकारी दी है। वह भी उन्हीं तस्करों के लिए काम कर रही थी। उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस शराब तस्करों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।