शनिवार की घटना गया के मानपुर ओवरब्रिज के बीच शनिवार दोपहर बाद की है। इस रास्ते से सुबह से लेकर देर शाम तक सैकड़ों लोग गुजरते हैं। इसी रास्ते में एक व्यक्ति औंधे मुंह जमीन पर गिरा पड़ा था और वह कराह रहा था। उसकी गर्दन से लगातार खून निकल रहा था। इसी बीच एक मोटरसाइकिल सवार उदय कुमार की नजर उस पर पड़ी।
बाइक रोक वह उसके नजदीक गया तो देखा कि उसकी गर्दन कटी हुई है और खून निकल रहा है। वह सिर्फ कराह रहा था, कुछ बोल नहीं पा रहा था। उदय ने तत्काल मुफस्सिल थाने के प्रभारी अविनाश कुमार को फोन किया। मौके पर दल बल के साथ मुफस्सिल थाना प्रभारी पहुंचे। उन्होंने आननफानन में गर्दन कटे शख्स को हॉस्पिटल पहुंचाया और उसका इलाज शुरू हुआ।
पुलिस को लगा कि उस शख्स पर किसी ने वार कर उसकी गर्दन काट दी है, लेकिन जब सच्चाई पता चली तो पुलिस के भी होश उड़ गए। अस्पताल में भर्ती घायल शख्स ने बताया कि उसका नाम शैलेश मांझी है। उसकी पत्नी मायके चली गई है और यह बोल कर गई है कि वह कभी नहीं लौटेगी। इसी बात पर उसने गर्दन काट कर जान देने की कोशिश की।
शैलेश मांझी की बात सुनकर मुफस्सिल थाने की पुलिस उसकी पत्नी के मायके खिजरसराय थाना क्षेत्र के कुड़वा गई। वहां पता चला कि शैलेश की पत्नी गर्भवती है और डिलेवरी कराने के लिए कुड़वा आई है। गया से कुड़वा जाने के पूर्व शुक्रवार को दोनों के बीच तकरार जरूर हुआ था।
बस इतनी सी बात को लेकर शैलेश ने अपनी गर्दन काट ली। शैलेश मांझी गया के मानपुर स्थित मुसहर टोली का रहने वाला है। अस्पताल में फिलहाल उसके घर वाले नहीं पहुंचे हैं। पुलिस की देखरेख में ही इलाज चल रहा है। मुफस्सिल थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि डॉक्टर मगध मेडिकल कॉलेज रेफर करने की बात कह रहे थे, लेकिन अब उसकी स्थिति ठीक है।