PATNA : पटना में सोमवार रात 9 बजकर 27 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। कुछ सेकंड तक कंपन महसूस हुआ। दहशत में लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात ये है कि भूकंप से अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। नेशनल सेंटर पर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र नालंदा से 20 किमी दूर था।
पटना के बोरिंग रोड, आशियाना नगर, पटेल नगर में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। वहीं, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, औरंगाबाद और सासाराम जिलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।
पटना में देर रात तक घरों से बाहर रहे लोग
जिस समय भूकंप के झटके महसूस हुए, उस वक्त लोग डिनर की तैयारी में थे। झटका महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकले और फोन पर परिजन की खैरियत पूछते रहे। पटना के बोरिंग रोड, आशियाना नगर, पटेल नगर में लोग देर रात तक भी घरों से बाहर खड़े रहे।
भूकंप से घरों में बर्तन गिर गए
बोरिंग रोड में रहनेवाली नेहा ने बताया कि वह रसोई में खाना बना रही थी, तभी बर्तन गिरने की आवाज आने लगी। पाटलिपुत्र कॉलोनी में रहने वाली निवेदिता राज ने बताया कि वह भी किचन में खाना बना रही थी, तभी अचानक कंपन महसूस हुआ। शिवपुरी के शैलेंद्र सिंह और सुमन कुमार ने बताया कि वे फर्श पर बैठकर खाना खा रहे थे, तभी रात को 9 बजकर 23 मिनट पर कम्पन महसूस हुआ।