2021/02/22

बड़ी खबर : तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो सवार 5 लोगों को पीस डाला...कई गंभीर ..बैंड-बाजे के साथ लौट रहे थे सभी

KATIHAR : कटिहार के कुर्सेला-पोठिया में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो सवार 5 लोगों को पीस डाला। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हैं। घटना कुर्सेला- पोठिया ओपी क्षेत्र के खैरा मोड़ के पास NH 31 पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया।

 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऑटो पूर्णिया से लौट रही थी। बैंड-बाजे के साथ इसपर 10 लोग सवार थे। मृतकों की पहचान फलका थाना क्षेत्र के भगहा गांव के अर्जुन मोची (50 वर्ष), किशोर पासवान (45 वर्ष), धर्मेंद्र कुमार मंडल (50 वर्ष), सुशील कुमार मोची (30 वर्ष), छोटे लाल राम (42 साल) के रूप में की गई है।

हादसे में सुशील कुमार मोची की जान सदर अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण चली गई। परिजनों ने बताया कि लगातार 2 घंटे तक डॉक्टरों ने घायल का इलाज नहीं किया। वे बार-बार घायल को कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर करने को बोलते रह गए लेकिन डॉक्टरों ने नहीं किया। इलाज नहीं होने के कारण सुशील कुमार ने हादसे के 2 घंटे बाद तम तोड़ दिया।

ऑटो के परखच्चे उड़े
कुर्सेला-पोठिया थानाक्षेत्र में NH31 के समेली खैरा बहियार के पास पूर्णिया से लौट रहे ऑटो को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इसमें ऑटो सवार 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। डॉक्टरों ने उन्हें कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
5 लोग हादसे में घायल
घायल संतोष कुमार (25 साल), मिट्ठू कुमार (17 साल), चिंटू कुमार (16 साल), श्री मोची (60 साल), सियाराम मंडल (32 वर्ष) मजदिया गांव के रहने वाले हैं। मौके पर मौजूद एक स्थानीय बिट्टू कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण हादसा हुआ। ऑटो पर सवार 10 लोग बैंड पार्टी में काम करते थे। रविवार की रात पूर्णिया में एक शादी में गए हुए थे। शादी के बाद सभी अपने घर को लौट रहे थे।